जिला अस्पताल के सामने निगम की बड़ी कार्रवाई, सड़क पर रखे 19 विज्ञापन बोर्ड जब्त
सागर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए नगर निगम ने जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार के सामने विशेष अभियान चलाकर सड़क पर अवैध रूप से रखे गए 19 विज्ञापन बोर्ड जब्त किए। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर अतिक्रमण टीम द्वारा की गई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के प्रचार-प्रसार के लिए सड़क पर बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्ड रख दिए थे, जिससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल क्षेत्र में प्रतिदिन भारी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सड़क पर रखे गए बोर्ड यातायात बाधित करने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रहे थे।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 19 बोर्ड जब्त किए और संबंधित दुकानदारों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों एवं सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहरभर में नियमित निरीक्षण कर सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।
नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों को अवरोधमुक्त रखने में सहयोग करें, ताकि शहर को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।


