58.5 लीटर अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा
सागर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जैसीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 58.5 लीटर अवैध शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 79 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान थाना जैसीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरखुआ महंत के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी शराब से भरी बोरी और मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा कर घेराबंदी करते हुए दबोच लिया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरी और कार्टूनों से 325 क्वार्टर देशी लाल मसाला मदिरा (बॉम्बे व्हिस्की) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 58.5 लीटर पाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रिंकू उर्फ रामकुमार शुक्ला (34) और रोहित शुक्ला (32) निवासी ग्राम बदबदी, थाना जैसीनगर बताए। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP-15-MP-7529 भी जब्त कर ली है।
आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, प्रधान आरक्षक मनोहर मुरारी, आरक्षक काजी सईदउद्दीन और महिला आरक्षक तपस्या रजक की विशेष भूमिका रही।


