घरेलू विवाद बना खूनी संघर्ष : भतीजों ने चाचा पर चाकू और बेसबॉल डंडों से किया हमला
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने उस समय खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जब भतीजों ने अपने ही चाचा पर चाकू और बेसबॉल डंडों से हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल मनोज खटीक को पहले गढ़ाकोटा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें सागर के रॉय अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में घायल आईसीयू वार्ड में भर्ती हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार जवाहर वार्ड निवासी उमारानी खटीक पति मनोज कुमार खटीक ने पुलिस प्रशासन को दिए आवेदन में बताया कि 18 मई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनके पति मनोज खटीक का विवाद उनकी जेठानी शिवरानी खटीक और उनके पुत्र कृष खटीक से हुआ था। इस संबंध में थाना गढ़ाकोटा में एफआईआर क्रमांक 0369/2026 दर्ज कराई गई थी। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के दौरान पुलिस को पहले ही जान से मारने की धमकी दिए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन मामले को घरेलू विवाद मानकर गंभीरता से नहीं लिया गया।आरोप है कि इसी विवाद के चलते रात्रि करीब 12 से 1 बजे के बीच शिवरानी खटीक ने अपने बड़े बेटे सोनू खटीक, छोटे बेटे कृष खटीक तथा उनके दो दोस्तों विशाल पटेल और अनुज मिश्रा को घर बुलाया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उमारानी खटीक और उनके पति पर हमला कर दिया। बताया गया कि सोनू खटीक की पत्नी आयुषी ठाकुर उर्फ आयुषी खटीक ने घर में रखे बेसबॉल डंडे और चाकू निकालकर आरोपियों को दिए, जिसके बाद हमला और भी उग्र हो गया।हमले के दौरान मनोज खटीक के सीने में चाकू मारा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजन घायल को तत्काल सरकारी अस्पताल गढ़ाकोटा लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सागर के रॉय अस्पताल मकरोनिया रेफर कर दिया।पीड़िता उमारानी खटीक ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पुलिस को चार आरोपियों के नाम बताए थे, जिनमें सोनू खटीक, कृष खटीक, विशाल पटेल और अनुज मिश्रा शामिल हैं, लेकिन पुलिस द्वारा दर्ज रिपोर्ट में विशाल पटेल और अनुज मिश्रा के नाम शामिल नहीं किए गए। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा लगातार व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से धमकियां दी जा रही हैं।घटना की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शुभम दुबे द्वारा बताया गया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दो आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


