पुव्याऊ टौरी में युवक लहूलुहान हालत में मिला, पेट में गहरा घाव, कोतवाली क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत
सागर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुव्याऊ टौरी इलाके में शनिवार सुबह एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के पेट में गहरा घाव था और वह खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे एक मकान मालिक जब अपने घर का ताला खोलने पहुंचा, तब उसने युवक को घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। युवक की हालत गंभीर होने पर तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस वाहन के जरिए घायल को अस्पताल भिजवाया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में वार्ड के कुछ युवकों ने उसकी पहचान काकागंज वार्ड निवासी अक्कू के रूप में की। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे काली मंदिर क्षेत्र में युवक का कुछ लोगों के साथ विवाद और मारपीट भी हुई थी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि शहर कोतवाली क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में रेडियम कटर से वारदात, चाकूबाजी, लूट और अन्य अवैध गतिविधियों की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस क्षेत्र में सक्रिय नजर नहीं आती, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
वहीं मामले की अधिक जानकारी के लिए शहर कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन नेटवर्क से बाहर बता रहा था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।


