NH-44 पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कॉलेज जा रहे दो छात्रों की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

0

NH-44 पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कॉलेज जा रहे दो छात्रों की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
सागर।  कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार को नेशनल हाईवे-44 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लोगों को समझाइश दी और ट्रक को जब्त कर लिया।
मृतकों की पहचान संजय (20) पिता महेश रजक निवासी सेमरा हार्ट और नितिन (20) पिता लखन अहिरवार निवासी कोलुआ के रूप में हुई है। दोनों बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे। जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोनों छात्र एक ही बाइक से अपने गांव से सागर कॉलेज के लिए आ रहे थे। इसी दौरान रानीपुरा के पास करीब साढ़े 12 बजे यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि रानीपुरा के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
हादसे के बाद गुजरात पासिंग ट्रक (GJ 01 KT 5296) का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here