ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सागर में बंद रहे 1000 मेडिकल स्टोर, बाइक रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन
सागर। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को जिला केमिस्ट एसोसिएशन, जिला औषधि विक्रेता संघ और अन्य संगठनों के आह्वान पर जिलेभर के दवा व्यापारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। इस दौरान जिले के करीब एक हजार मेडिकल स्टोर बंद रहे। हालांकि मरीजों की सुविधा को देखते हुए नर्सिंग होम के मेडिकल स्टोर खुले रहे और इमरजेंसी दवाइयां उपलब्ध कराई जाती रहीं।
विरोध प्रदर्शन के तहत बड़ी संख्या में मेडिकल संचालक तीनबत्ती क्षेत्र में काली पट्टी बांधकर एकत्रित हुए। इसके बाद उन्होंने रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार जैन ने कहा कि बिना स्पष्ट कानूनी प्रावधानों के ऑनलाइन दवा बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिससे छोटे दवा व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श और बिना प्रमाणित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की होम डिलीवरी कर रहे हैं, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
जिला औषधि विक्रेता संघ के सचिव अनिल कुमार जैन ने कहा कि देशभर के लाखों लाइसेंसधारी केमिस्ट इस व्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 और नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, इसके बावजूद कई कंपनियां लंबे समय से ऑनलाइन दवाओं की बिक्री कर रही हैं।
ज्ञापन के माध्यम से ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, बिना सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की बिक्री बंद करने, अवैध ई-फार्मेसी पर कार्रवाई करने, प्रीडेटरी प्राइसिंग पर सख्त नीति बनाने और छोटे केमिस्टों व सप्लाई चेन की सुरक्षा की मांग की गई।


