आम से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, देखते ही देखते धू-धू कर जला वाहन,टोल व्यवस्था पर उठे सवाल
सागर। खुरई के मालथौन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर आम से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ट्रक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में ट्रक में लदा आम का माल जलकर खराब हो गया। घटना के बाद टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक इरशाद खान तिरुपति से आम लेकर दिल्ली जा रहा था। मालथौन के पास हाईवे पर चलते समय अचानक ट्रक से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और खुद सुरक्षित दूरी पर चला गया। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर मालथौन और बरोदिया कलां नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि घटना स्थल टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर दूर था, लेकिन मदद पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। लोगों का कहना है कि हाईवे पर हादसे की स्थिति में त्वरित राहत व्यवस्था होना चाहिए।
वहीं आग बुझने के बाद जब ट्रक से आम की केरेटें निकाली जा रही थीं, तब मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बच्चे और अन्य लोग आम लेने के लिए ट्रक के आसपास पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।


