ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
तीन घंटे तक सागर-गढ़ाकोटा मार्ग रहा बाधित, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे मौके पर
सागर। जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चनौआ के पास ट्रक की टक्कर में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और गांव के पास स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग उठाई।
करीब तीन घंटे तक चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया।
घटनास्थल पर रहली विधायक एवं पूर्व मंत्री भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और मामले में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
5 से अधिक वाहनों को मारी थी टक्कर
पुलिस के अनुसार, ग्राम जरिया खिरिया निवासी राजाराम लोधी (25) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 मई को वह सब्जी लेने ग्राम चनौआ गया था और पंचायत भवन के सामने बाइक खड़ी की थी। इसी दौरान सागर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक MP 15 G 1978 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे पैदल जा रहे अरुण चौबे को पीछे से टक्कर मार दी।
इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पिकअप, मालवाहक ऑटो, फरियादी की बाइक समेत चार अन्य मोटरसाइकिलों से जा टकराया। हादसे में राजेंद्र काछी निवासी चनौआ सहित कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अरुण चौबे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गढ़ाकोटा पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


