भोपाल के हमीदिया अस्पताल में चोरी ने लगाई सेंध,15 लाख के उपकरण किए पार
भोपाल। राजधानी में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में हमीदिया अस्पताल के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में ताला तोड़कर लाखों रुपये के भारी उपकरण चोरी कर लिए गए। चोर करीब तीन क्विंटल वजनी सामान लेकर फरार हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह वारदात 15 से 16 अप्रैल के बीच हुई। अस्पताल प्रबंधन ने पहले आंतरिक जांच की और 21 अप्रैल को कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए सामान में मशीन का पावर पैनल, कंट्रोल पैनल, ट्रांसफार्मर, एसी आउटडोर यूनिट, 40 मीटर केबल सहित अन्य उपकरण शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
घर में घुसा चोर, बेटी की आवाज से भागा
टीला जमालपुरा के सूबेदार कॉलोनी में देर रात एक घर में घुसे चोर ने नकदी और मंगलसूत्र चोरी कर लिया। रात करीब 2 बजे घर में घुसे बदमाश ने सो रही बच्ची के जागने पर शोर मचाने से भागते समय करीब 8 हजार रुपये और मंगलसूत्र पार कर दिया।
सीसीटीवी ढककर चोरी की कोशिश
गौतम नगर स्थित गांधी कुटी भवन में पांच बदमाशों ने पहले सीसीटीवी कैमरों को ढका, फिर ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। परिवार के जागने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से चप्पल और जूते मिले हैं, जिनके आधार पर जांच जारी है।
न्यू मार्केट में महिला का पर्स पार
न्यू मार्केट में खरीदारी के दौरान एक महिला का जेवर और नकदी से भरा पर्स चोरी हो गया। पर्स में सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और करीब 5 हजार रुपये नकद थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में डर और नाराजगी का माहौल है।


