सागर में बड़ा हादसा: क्रेशर खदान में नहाने गए 3 युवक डूबे, एक का शव मिला, 2 की तलाश जारी
सागर। जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुड़ा के पास स्थित एक क्रेशर खदान में नहाने गए युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। पानी में उतरते ही तीन युवक डूब गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
बताया जा रहा है कि कुल सात दोस्त नहाने के लिए खदान पर पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया, जिसने सर्चिंग के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान अभिषेक उर्फ अध्धा (20 वर्ष), निवासी कैंट क्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं उसके दो साथी तनिश कोरी (19 वर्ष) और तेजराम पटेल (20 वर्ष) अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक प्रदीप लारिया भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि घटना अत्यंत दुखद है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
तहसीलदार राहुल गौंड के अनुसार, सात दोस्तों में से तीन युवक डूबे थे, जिनमें से एक का शव बरामद हो चुका है, जबकि बाकी दो की तलाश जारी है। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्चिंग में जुटी हुई हैं।


