सागर में बढ़ते महिला अपराधों के खिलाफ महिला कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
सागर। जिला महिला कांग्रेस उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ ने जिले में महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों, अन्याय और असुरक्षा के माहौल को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा को सौंपे गए इस ज्ञापन में कांग्रेस ने जिले में महिला सुरक्षा पुख्ता करने और अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गीता कुशवाहा ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जिले में दुष्कर्म, दहेज उत्पीड़न और साइबर अपराध की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हुई है। इन घटनाओं के कारण महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि महिलाओं से संबंधित सभी मामलों का निराकरण फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से किया जाए। साथ ही स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड और बाजारों जैसे संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। गीता कुशवाहा ने महिला हेल्पलाइन नंबरों को और अधिक सक्रिय करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण व कानूनी अधिकारों की जानकारी के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को लाडली बहन तो कहती है, लेकिन हकीकत में आज प्रदेश का महिला वर्ग ही सबसे ज्यादा पीड़ित और असुरक्षित है। उन्होंने कहा कि महिलाएं डर के साए में जी रही हैं, जिससे उन्हें निजात दिलाना बेहद आवश्यक है।
यह ज्ञापन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रकोष्ठ प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष प्रियंका किरार के निर्देश पर सौंपा गया। इस अवसर पर पार्षद रिचा सिंह, पार्षद रोशनी खान, किरण लता सोनी, रेखा सोनी, ज्योति मलैया, रेखा अहिरवार, दमयंती अहिरवार, संतोष रानी सेन, शोभा रानी, रमाकांत यादव, महेश अहिरवार, भैयन पटेल, दास रैकवार, जितेंद्र अहिरवार, वसीम खान, सुंदर अहिरवार और मेघा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


