सागर में आधी रात एक्शन : जंगल में चल रहा था जुआ, 21 आरोपी दबोचे, नकदी और हथियार बरामद
सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रुसल्ला के जंगल में संचालित हो रहे जुआ फड़ पर पुलिस टीम ने दबिश दी। कार्रवाई कर फड़ से 21 जुआरियों को पकड़ा गया। जिनके कब्जे से 22 बाइक, 11 कार, 21 मोबाइल और एक पिस्टल, चाकू जब्त किया गया है। कार्रवाई में जुआरियों से नकद 6 लाख 45 हजार रुपए भी जब्त किए गए हैं। मामले में जुआरियों को थाने लाकर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रुसल्ला के जंगल में लंबे समय से जुआ फड़ का संचालन हो रहा था। रविवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्पेशल टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की गई। प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु ने टीम के साथ जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस को देख जुआरी भागने लगे, जिस पर पुलिस जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और चाकू बरामद
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया कि उक्त जुआ फड़ का संचालन आरोपी अमित टिम्मा कर रहा था। कार्रवाई में उसे भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया गया है। आरोपी अमित के खिलाफ जुआ एक्ट के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जुआ फड़ की सूचना मिलते ही सुरखी, बहेरिया थाना और कर्रापुर, ढाना चौकी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर जंगल में घेराबंदी की। अंधेरे के बीच दबिश देकर जुआरियों को पकड़ा। कार्रवाई में जुआरियों के पास से 21 मोबाइल, 22 बाइक, 11 कार, 1 पिस्टल, चाकू, ताश की गड्डियां कुल कीमती 45 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
मामला दर्ज कर जांच जारी
एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके ने बताया कि रुसल्ला गांव के जंगल में पुलिस ने दबिश देकर जुआ पकड़ा है। कार्रवाई में जुआरियों से 6.45 लाख रुपए जब्त किए गए हैं। मुख्य आरोपी अमित टिम्मा को गिरफ्तार किया गया है। मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


