सागर के बड़तूमा गांव में घर के भीतर पहुंची कोबरा, सो रही बच्ची के पास बैठी मिली नागिन
सागर। जिले के ग्राम बड़तूमा में शनिवार सुबह एक खतरनाक घटना होते-होते टल गई, जब एक कोबरा प्रजाति की नागिन घर के अंदर घुसकर सो रही बच्ची के बेहद करीब पहुंच गई। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग घबरा गए, लेकिन समय रहते उन्होंने समझदारी दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, बड़तूमा निवासी प्रशांत ठाकुर के घर में सुबह के समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान करीब ढाई फीट लंबी एक जहरीली नागिन चुपचाप कमरे में पहुंच गई और बच्ची के तकिए के पास बैठ गई। जैसे ही घरवालों की नजर उस पर पड़ी और हलचल हुई, नागिन तुरंत वहां से सरककर पास रखे फ्रिज के नीचे जा छिपी।
स्थिति को भांपते हुए माता-पिता ने बिना देर किए बच्ची को उठाया और घर के बाहर ले आए। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिससे मौके पर हलचल मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर सागर से स्नेक कैचर बबलू पवार को बुलाया गया। उन्होंने फोन पर ही परिवार को सावधानी बरतने और सांप पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। कुछ ही देर में वे मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
स्नेक कैचर बबलू पवार ने बताया कि नागिन फ्रिज के नीचे छिपी हुई थी। उसे बाहर निकालने के लिए फ्रिज को हटाना पड़ा, जिसके बाद सावधानीपूर्वक उसे पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान पूरी सतर्कता बरती गई ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे।
पकड़ी गई नागिन कोबरा प्रजाति की बेहद जहरीली थी और उसकी लंबाई करीब ढाई फीट बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में कोई घायल नहीं हुआ। रेस्क्यू के बाद नागिन को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया।


