जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें, कालाबाजारी करने वालों पर करें सख्त कार्यवाही – कलेक्टर
कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ पेट्रोल डीजल की उपलब्धता की समीक्षा की
सागर। कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि तेल कंपनियों के पास मौजूदा समय में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है एवं मांग के अनुसार निरंतर आपूर्ति की जा रही है। साथ ही कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्यवाही करें। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में ईधन आपूर्ति की लगातार मॉनिटरिंग करें एवं आमजन को समझाइश दें कि कहीं भी पेट्रोल डीजल की कमी नहीं है। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ, पेट्रोल डीजल की उपलब्धता की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, नगर दंडाधिकारी गगन बिसेन, जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति बघेल, पेट्रोल पंप संचालक अध्यक्ष श्री राजेंद्र दुबे एवं कंपनियों के संचालक एवं सेल्स ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर संदीप जी आर ने जिले के पेट्रोल पंप संचालकों एवं पेट्रोल डीजल की विभिन्न कंपनियों के सेल्स ऑफिसर के साथ समीक्षा बैठक ली जिसमें जिले के पेट्रोल पंपों पर ईधन की उपलब्धता एवं मांग की समीक्षा की गई। कलेक्टर को बताया गया कि सभी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है एवं लगातार मांग के अनुसार आपूर्ति की जा रही है। विभिन्न कंपनियों के सेल्स ऑफीसरों नें बताया कि कंपनियों में भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है चिंता करने की कोई बात नहीं है एवं अफवाहों पर ध्यान ना दें। पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं विभिन्न पंप संचालक और IOCL एवं BPCL कम्पनी के सेल्स ऑफिसर के साथ MS/HSD के भण्डारण और पूर्ति के संबंध में समीक्षा की गई। बैठक में संचालकों ने बताया कि पम्प पर पर्याप्त स्टॉक है। किन्तु अफ़वाहों के कारण पम्पों पर भीड़ बढ़ी है। सेल्स ऑफिसर्स ने बताया कि पूर्ति लगातार की जा रही है। कम्पनी में भी स्टाक की पर्याप्त मात्रा है।
कलेक्टर संदीप जी आर ने सागर जिले के समस्त नागरिकों से अपील की कि पैनिक होने की स्थिति नहीं है। जिले में पेट्रोल-डीजल के सप्लाई निर्बाध्य रूप से एवं लगातार की जा रही है। वाहनों में अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भण्डारण न करें, क्योंकि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों की तरह ईंधन की उपलब्धता निरंतर बनी हुई है। सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक हमेशा रहता है । कंपनियों द्वारा भी नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक न हों। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा भविष्य की आवश्यकता के लिए भी पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित है। ऑयल कंपनियों को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही बढ़ती मांग को देखते हुए सप्लाई चेन को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।
कलेक्टर संदीप जी आर ने बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर निगरानी रखे तथा नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये। ईंधन की पर्याप्त एवं सुचारू आपूर्ति होती रहे इस हेतु लगातार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करते रहें।
कलेक्टर संदीप जी आर ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम व हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि स्टॉक की उपलब्धता के सम्बंध में डेटा शेयर करेंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पम्पों पर स्टॉक उपलब्ध कराया जाए। आगे भी इस व्यवस्था को बनायें तथा सभी पेट्रोल पम्पों पर अनाउंस सिस्टम पर उपभोक्ताओं को संबोधित करें। इसके अलावा वितरक कंपनियां ब्लैक मार्केटिंग करने वाले डीलरों पर तत्काल कार्यवाही करें। उन्होंने जिला आपूर्ति नियंत्रक को निर्देशित किया कि सभी पेट्रोल पंपों पर निगरानी रखें एवं कालाबाजारी करने वालों पर एसडीएम, तहसीलदार के साथ मिलकर कार्यवाही करें।


