सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए समीक्षा बैठक ली। राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए राजस्व अनिवार्य है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के मुख्य बिंदु और निर्देश
लक्ष्य आधारित कार्य: आयुक्त ने वार्डवार वसूली की समीक्षा करते हुए पाया कि कुछ क्षेत्रों में प्रगति धीमी है। उन्होंने सभी कर संग्राहकों को 31 मार्च तक विशेष अभियान चलाकर संपत्ति कर, जलकर, कचरा शुल्क और दुकानों का किराया वसूलने के निर्देश दिए।
बड़े बकायादारों पर शिकंजा: अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर उनसे व्यक्तिगत संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर नोटिस जारी कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
दोगुना हो जाएगा टैक्स: आयुक्त ने कर संग्राहकों को निर्देशित किया कि वे जनता को जागरूक करें कि 31 मार्च के बाद संपत्ति कर की राशि दोगुनी हो जाएगी। समय पर भुगतान के लिए नागरिकों को प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी: बैठक में चेतावनी दी गई कि जो कर्मचारी निर्धारित लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त खत्री ने सभी कर संग्राहकों को पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट साझा करने को कहा है, ताकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित हो सके।


