सागर कलेक्टर कार्यालय में युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना
सागर। जिले के कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। तत्परता से की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में पुलिस ने समझाइश देकर युवक को शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी जमीन से जुड़े विवाद की शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था। आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसने यह कठोर कदम उठाने की कोशिश की।
युवक की पहचान मोनू अहिरवार के रूप में हुई है, जो बंडा क्षेत्र के ग्राम सिगदोनी का निवासी है। उसने बताया कि उसके पिता बूठे अहिरवार को शासन द्वारा खसरा क्रमांक 91 की करीब 1.50 हेक्टेयर जमीन पट्टे पर आवंटित की गई थी। लेकिन इस जमीन पर गांव के सचिव राजवीर सिंह द्वारा कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि उन्हें अपनी ही जमीन पर खेती करने और फसल काटने से रोका जा रहा है।
मोनू का कहना है कि उसने इस मामले को लेकर स्थानीय अधिकारियों से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार उसे निराशा ही हाथ लगी। लगातार अनदेखी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारियों ने बंडा विकासखंड के तहसीलदार और संबंधित पटवारी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही युवक को भरोसा दिलाया गया है कि उसकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


