जहर खाने के बाद बिगड़ी हालत, सागर ले जाते वक्त युवक ने तोड़ा दम

0

जहर खाने के बाद बिगड़ी हालत, सागर ले जाते वक्त युवक ने तोड़ा दम

सागर जिले के बीना क्षेत्र के जेरूआ गांव में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। हालत गंभीर होने पर उसे पहले बीना के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे सागर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और खुरई पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, खिमलासा थाना क्षेत्र के जेरूआ गांव निवासी मनीष अहिरवार (26) ने शनिवार रात किसी अज्ञात कारण से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। इसके बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो वह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। घबराए परिजन उसे तत्काल बीना के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
बीना अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस के जरिए उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान खुरई के पास उसकी स्थिति और खराब हो गई। परिजन तुरंत उसे खुरई सिविल अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया। रविवार को मामले की सूचना खुरई शहरी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
होटल में करता था काम
मृतक के भाई महेंद्र अहिरवार ने बताया कि मनीष गंजबासौदा के एक होटल में काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था। परिजनों के मुताबिक उसे किसी प्रकार की ऐसी परेशानी नहीं थी, जिससे वह इतना बड़ा कदम उठाता। फिलहाल उसने जहरीला पदार्थ क्यों खाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
मर्ग डायरी खिमलासा थाने भेजी जाएगी
खुरई शहरी थाना के प्रधान आरक्षक राजा वेदी ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर लिया है। चूंकि घटना खिमलासा थाना क्षेत्र की है, इसलिए आगे की जांच के लिए मर्ग डायरी संबंधित थाने को भेजी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here