मध्यप्रदेश सरकार खरीदेगी 250 करोड़ का जेट, किराए के विमानों पर निर्भरता होगी खत्म
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार जल्द ही किराए के विमानों पर निर्भरता से छुटकारा पाने जा रही है। राज्य ने लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत से एक अत्याधुनिक जेट विमान खरीदा है, जिसकी डिलीवरी जून 2026 के अंत तक मिलने की उम्मीद है। यह विमान कनाडा में तैयार किया जा रहा है और सौंपे जाने से पहले इसकी विस्तृत तकनीकी जांच कराई जाएगी।
सरकारी जानकारी के अनुसार, नया जेट विमान ‘चैलेंजर 3500’ बाम्बार्डियर कंपनी द्वारा बनाया जा रहा है और इसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। विमान को भारत लाने से पहले विशेषज्ञों की टीम कनाडा जाकर इसका परीक्षण करेगी। इसके लिए राज्य के पायलट और इंजीनियरों सहित एक टीम जून में कनाडा जाएगी। इस निरीक्षण प्रक्रिया पर करीब 50 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है।
तकनीकी परीक्षण के लिए गठित टीम में विमानन विभाग के पायलट विश्वास राय के साथ तकनीकी विशेषज्ञ जेपी शर्मा और रश्मि सिंह शामिल हैं। यह टीम विमान के सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके बाद ही अंतिम रूप से डिलीवरी ली जाएगी।
सरकार द्वारा खरीदा गया यह जेट आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, यह विमान करीब 870 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है और एक बार में लगभग 3500 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम है। इसमें 8 से 10 यात्री सफर कर सकेंगे, जबकि दो केबिन क्रू भी इसमें तैनात रहेंगे।
वर्तमान में राज्य सरकार के पास खुद का कोई विमान नहीं है, जिसके कारण मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए किराए के विमानों का सहारा लेना पड़ता है। इस पर हर महीने बड़ी राशि खर्च होती है। नया जेट शामिल होने के बाद सरकार को इस खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है।


