एनएच-44 पर चेकिंग के दौरान साथी गिरफ्तार हुआ था, 3 किलो 360 ग्राम गांजा जब्त; मुख्य आरोपी ससुराल में छिपा मिला
सागर। जिले के देवरी थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार जबलपुर जिले के कटंगी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को थाने लाकर उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला 11 मार्च का है, जब मुखबिर से सूचना मिली थी कि सागर की ओर से अवैध गांजा देवरी लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की और नेशनल हाईवे-44 पर मीरा ढाबा ओवरब्रिज के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक बाइक (क्रमांक एमपी 15 एमपी 4451) वहां पहुंची। पुलिस ने जैसे ही उसे रोकने की कोशिश की, बाइक पर पीछे बैठा युवक अचानक कूदकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
हालांकि, बाइक चला रहे आरोपी जसमत पिता सुम्मेर सिंह कुचबंदिया (उम्र 40 वर्ष), निवासी नई गल्ला मंडी के पास मोतीनगर को मौके से पकड़ लिया गया। उसके पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर 3 किलो 360 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
फरार आरोपी की पहचान विष्णु उर्फ कुक्कर उर्फ अर्जुन पिता राजकुमार कुचबंदिया, निवासी ठाकुर बाबा मंदिर के पास मोतीनगर के रूप में हुई। उसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी रही और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन जबलपुर जिले के कटंगी क्षेत्र में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। इस कार्रवाई में विष्णु कुचबंदिया को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद से वह अपने ससुराल में छिपकर रह रहा था।
देवरी थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उससे गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संबंधित पहलुओं को लेकर पूछताछ जारी है।


