प्रेम संबंध बना हत्या की वजह: MP में प्रेमिका की हत्या के बाद आरोपी युवक ने फांसी लगाकर दी जान
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में कुछ दिन पहले भाजपा के संभागीय कार्यालय के पास कचरे के ढेर में मिली महिला की लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके परिचित युवक ने की थी। हालांकि आरोपी गिरफ्तारी से पहले ही आत्महत्या कर चुका है। शनिवार सुबह माढ़ोताल क्षेत्र में पुल के पास एक पेड़ से लटके युवक का शव मिला, जिसकी पहचान अंकुर बर्मन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार यही युवक महिला की हत्या का आरोपी था।
पुलिस ने बताया कि छह दिन पहले लार्डगंज थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यालय के पास कचरे में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में मृतका की पहचान रांझी के मनमोहन नगर निवासी सीता उर्फ पल्लवी (30) के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि पल्लवी और अंकुर बर्मन (22) दोनों हलवाई का काम करते थे और करीब दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। इसी दौरान उनके बीच प्रेम संबंध भी बन गए थे। पुलिस के मुताबिक 7 मार्च की दोपहर दोनों साथ घूमते हुए देखे गए थे। शाम के समय अंकुर पल्लवी को दीक्षितपुरा स्थित अपने घर ले गया और अपने भाई से मिलवाते हुए शादी की बात कही। बताया जाता है कि इस बात पर घर में विवाद हो गया और दोनों भाइयों के बीच कहासुनी भी हुई।
जानकारी के अनुसार पल्लवी पहले से शादीशुदा थी, लेकिन वह अंकुर पर शादी करने का दबाव बना रही थी। वहीं युवक का कहना था कि परिवार की सहमति के बिना वह शादी नहीं कर सकता। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
बताया जा रहा है कि उसी रात घर से निकलने के बाद अंकुर पल्लवी को रानीताल क्षेत्र लेकर गया। वहां भी शादी को लेकर दोनों के बीच फिर से बहस हुई। विवाद बढ़ने पर अंकुर ने धारदार हथियार से पल्लवी के पेट और गले पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के इरादे से उसे भाजपा कार्यालय के पास कचरे के ढेर में फेंक दिया और फरार हो गया।
हत्या के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि घटना के अगले दिन सुबह अंकुर अपने साथ काम करने वाली एक महिला के पास आगा चौक क्षेत्र में पहुंचा था। वहां उसने कथित रूप से पल्लवी की हत्या करने की बात कही और बताया कि उसने शव झाड़ियों में फेंक दिया है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया और गायब हो गया।
इधर पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। 13 मार्च को लार्डगंज थाना और क्राइम ब्रांच की टीम अंकुर के घर भी पहुंची और उसके भाई आनंद उर्फ बब्लू से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने बताया कि अंकुर हत्या के मामले में फरार है।
परिजनों के अनुसार अंकुर एक दिन पहले शाम को थोड़ी देर के लिए घर आया था, लेकिन जल्द ही यह कहकर निकल गया कि वह कुछ देर में वापस आएगा। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया।
14 मार्च की सुबह उसके पिता विजय को सूचना मिली कि दीनदयाल बस स्टैंड के पीछे तालाब के पास एक पेड़ से युवक का शव लटका हुआ है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो पता चला कि वह अंकुर ही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को यह आभास हो गया था कि पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सकती है, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पल्लवी की हत्या के मामले में आरोपी अंकुर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शनिवार को माढ़ोताल क्षेत्र में तालाब के पास पेड़ से लटका उसका शव मिला। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


