शिव ध्वजारोहण कर लिया व्यसन – बुराइयों से दूर रहने का संकल्प
– ब्रह्माकुमारीज पाठशाला ग्राम ईशुरवारा में आयोजन
सागर- ईसुरवारा। ब्रह्माकुमारीज की ग्राम ईसुरवारा स्थित पाठशाला में 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में शिव ध्वजारोहण किया गया। साथ ही सभी को शिव ध्वज के नीचे नशामुक्ति और व्यसन बुराइयों से दूर रहने का संकल्प कराया गया।
इस मौके पर बीना सेवाकेंद्र की प्रभारी बीके सरोज दीदी ने कहा कि आध्यात्मिकता स्वयं की रुचि, पुरुषार्थ और लगन से ही संभव है। आत्मा में सत्य से शक्ति आती है। इस विद्यालय में आत्मा को सुंदर पवित्र बनाने की शिक्षा दी जाती है। हम हर एक अपने जीवन के मालिक बनें। योगी बनना अर्थात् योग्य बनना। भगवान के बच्चे कहलाने लायक बनना। खुद के जीवन को सुधार कर दूसरों के लिए शुभभावना रखें। हम ईश्वर के बच्चे हैं इस स्वमान में रहने की जरूरत है।
सागर सेवा केंद्र प्रभारी बीके छाया दीदी ने कहा कि आज हम हर बात को विज्ञान की कसौटी पर खरा उतरने के बाद ही अपनाते हैं तो धर्म के मामले में अंधश्रद्धा क्यों? जहां सत्य ज्ञान है वहां पवित्रता है और स्वच्छता है। शास्त्रों में वर्णित धर्म की अतिग्लानि का यह वही समय है। इस समय ही स्वयं परमपिता परमात्मा आकर मानव को फिर से देव बनने की शिक्षा देते हैं। यदि हम पवित्र बनें तो इस भूमि पर स्वर्ग आने में देरी नहीं लगेगी।
खुरई सेवा केंद्र प्रभारी बीके किरण दीदी ने कहा कि ग्राम ईशुरवारा में पिछले 35 साल से ब्रह्माकुमारीज पाठशाला संचालित की जा रही है। संचालन बीके जानकी दीदी ने किया। इस मौके पर बीके सरस्वती दीदी, बीके खुशबू दीदी, बीके मधु दीदी, बीके रिया दीदी, बीके निधि दीदी, रामसहाय साहू, राजकुमार साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


