अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर पद्माकर सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
सागर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर आज पद्माकर सभागार मोती नगर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं बेटी पैर पूजन के साथ की गई। तत्पश्चात अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया जिनमें सांसद डॉक्टर लता वानखेड़े, विधायक सागर श्री शैलेंद्र जैन एवं प्रथम महिला सागर की महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के साथ अतिथिगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता सुश्री दीपा तिवारी द्वारा उद्वोधन में महिलाओं को प्रमुखता से अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की बात रखी। सागर नगर विधायक माननीय शैलेंद्र जी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला न केवल घर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अनेक नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने महिलाओं के अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए अब से प्रत्येक सप्ताह महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में एनीमियां (खून की जांच) एवं स्वास्थ्य परीक्षण किये जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉक्टर लता वानखेड़े द्वारा आज की महिला अब सहभागी नहीं बल्कि निर्णयकर्ता की भूमिका में है। भारत की विकास यात्रा का वर्तमान और भविष्य दोनों उसकी भागीदारी से ही पूर्ण होते हैं अतः महिलाओं को और अधिक जागरुक एवं सशक्त बनना होगा । महापौर श्रीमती संगीता तिवारी में अपने उद्बोधन में महिलाओं को अपने जीवन शैली में सुधार के साथ शिक्षा, पोषण एवं मानसिक रूप से सशक्त होने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर महिलाओं को सम्मानित किया गया जिनमें बुंदेली भाषा को प्रोत्साहित करने के लिए पर्यवेक्षक नेहा जैन, बाल विवाह एवं विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु श्रीमती रजनी बरोलिया, कला के क्षेत्र में निशा पटेल, विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य हेतु राजश्री दुबे, सारिका यादव, संतोष केसरवानी, लक्ष्मी पटेल, निशा परमार, सुषमा रजक, काजुल शांडिल्य को माननीय अतिथि गणों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लाडली लक्ष्मी योजना अंतर्गत लाडली बेटियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए जिनमें अनविका विश्वकर्मा, काव्या बाल्मिक, अनम खान, आयत खान एवं श्रीनिजा पालीवाल लाडली बेटी सम्मिलित रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के साथ श्री निकेश गुप्ता, श्रीमती प्रतिभा चौबे, यश जी, चैन सिंह जी एवं अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नेहा जैन एवं आभार प्रदर्शन श्री कुलदीप चौबे द्वारा किया गया।


