MP : उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद हेमंत कटारे का बयान आया सामने

0

MP : उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद हेमंत कटारे का बयान आया सामने

मध्य प्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने शुक्रवार को अचानक से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. जिसके बाद मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है. खास बात यह है कि इस्तीफा देने के बाद उनका फोन भी लगातार बंद आ रहा था. बताया गया कि वह भोपाल से अटेर निकल गए हैं. खास बात यह है कि हेमंत कटारे ने अपना इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम लिखा था, लेकिन अब इस्तीफे के बाद उन्होंने पहली बार सार्वजनिक तौर पर बड़ा बयान दिया है. हेमंत कटारे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की है, जिसमें उन्होंने बड़ी बातें कही हैं।
कांग्रेस मेरे पिता की विरासत है’

हेमंत कटारे ने सोशल मीडिया पर लिखा ‘कांग्रेस मेरे स्वर्गीय पिताजी की विरासत है ! और हां मेरे फोन न उठाने पर कृपया भारी-भरकम कयास ना लगायें. शादी की सालगिरह पर परिवार के साथ समय बिताना कोई राजनीतिक साजिश नहीं बल्कि मेरा मूलभूत और संवैधानिक अधिकार भी है, कभी कभी नेता भी इंसान होता है. अब जरा ध्यान से सुन लो भाजपाइयों, ज्यादा खुशफहमी पालने की जरूरत नहीं है. सोमवार से सदन में पूरी तैयारी पूरे दस्तावेज और पूरी ताकत के साथ उपस्थित रहूंगा और हमेशा की तरह आपको धोने का कार्य करूंगा।

उन्होंने आगे लिखा ‘चाहे मुद्दा गोमांस का हो, इंदौर के भागीरथपुरा का हो, शंकराचार्य जी के अपमान का हो, या जहरीली हवा-दवा-पानी और सरकार के भ्रष्टाचार का हो, हर विषय पर तर्क, प्रमाण और जनता की आवाज के साथ आपके भ्रष्टाचार की परतें खोलूंगा. तैयारी मजबूत रखिएगा, क्योंकि मैं पद से नहीं, जनता के विश्वास से ताकत लेता हूं और वही विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।
विधानसभा सत्र में शामिल होंगे हेमंत कटारे

फिलहाल हेमंत कटारे की इस पोस्ट से राजनीतिक गलियारों में लग रहे कयासों पर ब्रेक लगता दिख रहा है. क्योंकि उन्होंने सोमवार से विधानसभा सत्र में शामिल होने की बात लिखी है. जबकि सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अभी अपनी उपस्थिति गृह विधानसभा क्षेत्र अटेर में होने की दी है. वह शुक्रवार को भोपाल से निकले थे और अटेर पहुंच गए थे, जहां परिवारिक वजहों से होने फोन बंद होने की बात कही है।

एमपी कांग्रेस ने की थी इस्तीफे की पुष्टि

हेमंत कटारे की तरफ से उपनेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफे देने की पुष्टि एमपी कांग्रेस की तरफ से शुक्रवार शाम 7 बजे की गई थी. पार्टी की तरफ से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया था कि उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफा उन्होंने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है.

कौन हैं हेमंत कटारे

हेमंत कटारे कांग्रेस के सीनियर नेता और मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रहे स्वर्गीय सत्यदेव कटारे के बेटे हैं. वह अपने पिता के निधन के बाद 2017 में पहली बार उपचुनाव में अटेर सीट से विधायक चुने गए थे, जबकि 2023 के विधानसभा चुनाव में भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं. जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने उन्हें मध्य प्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी थी. हेमंत कटारे पार्टी में युवा चेहरा माने जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here