लाइक-व्यू बढ़ाने के लिए जहर पीने का नाटक, जांच में खुली पोल,युवक पूरी तरह स्वस्थ

0

लाइक-व्यू बढ़ाने के लिए जहर पीने का नाटक, जांच में खुली पोल,युवक पूरी तरह स्वस्थ

सागर। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और भ्रामक सूचनाओं पर लगाम कसने के लिए सागर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके के निर्देश पर जिले में सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है और गलत पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई हो रही है।

इसी कड़ी में 18 दिसंबर 2025 को थाना बांदरी पुलिस को साइबर कंट्रोल के माध्यम से सूचना मिली कि संजय पिता कमलेश विश्वकर्मा, निवासी रजवांस, थाना बांदरी क्षेत्र में रहने वाला एक युवक सोशल मीडिया पर जहर पीकर आत्महत्या करने का वीडियो अपलोड कर रहा है। सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खुरई सचिन परते के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और युवक तक पहुंची।

पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। संजय विश्वकर्मा ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर लाइक और व्यू बढ़ाने के उद्देश्य से यह वीडियो बनाया था। उसने कीटनाशक की खाली और साफ डिब्बी में गाय का दूध भरकर पीने का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे जहर पीने जैसा दिखाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

मामले की सच्चाई और स्वास्थ्य की पुष्टि के लिए पुलिस युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालथोन लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया। जांच में स्पष्ट हुआ कि वायरल किया गया वीडियो पूरी तरह झूठा, भ्रामक और लोगों में डर फैलाने वाला था। इस मामले में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस त्वरित कार्रवाई में उप निरीक्षक गनपत सिंह बुंदेला, प्रधान आरक्षक जोगेन्द्र राजपूत, दीपक शुक्ला, हेतराम, सौरभ रैकवार, आरक्षक अरविंद और रामप्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की झूठी, भ्रामक या सनसनीखेज पोस्ट न करें। ऐसी हरकतें न केवल समाज में भय फैलाती हैं, बल्कि खुद के और दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकती हैं। सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here