MP: दोस्त ने ही कर दिया नाबालिग के साथ दुष्कर्म, मामला दर्ज
भोपाल। बैरागढ़ थाना पुलिस ने एक किशोरी की शिकायत पर उसके दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। बैरागढ़ थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी स्कूल में पढ़ती है। स्कूल जाते-आते समय उसे रवि मीना नाम का लड़का मिलता था। करीब एक वर्ष पहले उनके बीच दोस्ती हो गई थी। अक्टूबर-2022 को रवि किशोरी को अपने किराए के घर पर ले गया था। वहां उसने डरा-धमकाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। बाद में वह शादी करने का भरोसा देते हुए किशोरी का शारीरिक शोषण करने लगा। किशोरी से वह बालिग होने पर शादी करने की बात कहता था। पिछले कुछ दिनों से रवि का व्यवहार उसके प्रति बदलने लगा था। उसने बातचीत बंद करते हुए किशोरी से दूरी बनाना शुरू कर दी थी। इस पर किशोरी ने पहले घटना के बारे में स्वजन को बताया। इसके बाद शुक्रवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी। शनिवार को पुलिस ने रवि मीना को गिरफ्तार कर लिया। वह मूलत: कालापीपल तहसील के ग्राम रिछड़ी मुरादाबाद का रहने वाला है।
उधर, रातीबड़ क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। रातीबड़ थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 12वीं की छात्रा है। उसके मोहल्ले में रहने वाला रोहित मालवीय नाम का युवक काफी दिन से किशोरी का पीछा कर रहा था। शुक्रवार सुबह छात्रा के माता-पिता काम पर चले गए थे। घर में अकेला देखकर रोहित छात्रा के घर में घुस गया और उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाला छात्रा के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर रोहित भाग निकला। छात्रा की शिकायत पर छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।