टीकमगढ़ : जिले की बुडेरा थाना पुलिस ने नाबालिग से दुराचार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक आरोपी ने नाबालिग से दुराचार किया था। जबकि दो आरोपियों ने लड़की को डरा धमका कर गर्भपात कराया था। घटना के 3 माह बाद पीड़ित लड़की ने अपने पिता के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि बुडेरा थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग ने 3 माह पहले की घटना का जिक्र करते हुए आरोपी भूपेंद्र कुशवाहा, नत्थू कुशवाहा, धर्मदास कुशवाहा के खिलाफ दुराचार करने और गर्भपात कराने की शिकायत दर्ज कराई थी। लड़की की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 376, 457, 312, 34 सहित पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
रविवार को आरोपी भूपेंद्र कुशवाहा, नाथूराम कुशवाहा और धर्मदास कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक नाबालिग आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अंकित दुबे, प्रधान आरक्षक अनिल रिछारिया, रतिराम अहिरवार, विजय वर्मा, संजय बुंदेला, अभिषेक यादव की भूमिका सराहनीय रही।