23 जुलाई को सागर में होगा गुरु पूजन महा महोत्सव, स्वामी श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज देंगे दिव्य आशीर्वचन

23 जुलाई को सागर में होगा गुरु पूजन महा महोत्सव, स्वामी श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज देंगे दिव्य आशीर्वचन

सागर। गुरु-शिष्य परंपरा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के संवर्धन के उद्देश्य से 23 जुलाई 2026 को सागर में भव्य गुरु पूजन महा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। अजब श्री सेवा समिति अजब धाम एवं मलूक पीठ परिवार, सागर संभाग के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक समारोह तिली रोड स्थित होटल रॉयल पैलेस (किला कोठी) में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।

आयोजन समिति प्रमुख पंडित प्रमोद उपाध्याय ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यक्रम में अनंत श्रीविभूषित श्रीमज्जगद्गुरु द्वाराचार्य, श्रीअग्रपीठाधीश्वर एवं मलूकपीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज (श्री रैवासा-वृंदावन धाम) के श्रीमुख से गुरु महिमा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक जीवन पर दिव्य आशीर्वचन प्राप्त होंगे। वहीं महंत श्री राम अनुग्रह दास जी महाराज (छोटे सरकार) की गरिमामयी उपस्थिति भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।

आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव में सागर, दमोह सहित पूरे बुंदेलखंड अंचल से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में गुरु पूजन, संत वंदन, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, गुरु दीक्षा एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन जैसे विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व, भारतीय संस्कृति के आदर्शों और जीवन में आध्यात्मिकता की आवश्यकता पर संतों के प्रेरक विचार सुनने का अवसर मिलेगा।

स्वामी राजेन्द्र दास देवाचार्य महाराज के सागर आगमन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है। आयोजन समिति ने बताया कि उनके स्वागत की शुरुआत ग्राम चनाटोरिया से होगी। इसके बाद उनका काफिला बहेरिया, मकरोनिया, सिविल लाइन, तहसीली मार्ग सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए तिली रोड स्थित आयोजन स्थल पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु आरती, पूजन और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे। “कृपानाथ जै-जै” और “जै-जै सरकार” के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा।

आयोजकों ने बताया कि गुरुदेव महाराज की आज्ञा अनुसार इच्छुक श्रद्धालुओं को गुरु दीक्षा भी प्रदान की जाएगी। यह अवसर उन साधकों के लिए विशेष होगा जो गुरु परंपरा से जुड़कर आध्यात्मिक जीवन की नई दिशा प्राप्त करना चाहते हैं।

अजब श्री सेवा समिति एवं मलूक पीठ परिवार ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि गुरु का सानिध्य जीवन को सही दिशा प्रदान करता है तथा ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का विस्तार करते हैं।

पत्रकार वार्ता में पंडित प्रमोद उपाध्याय, पंडित ऐश्वर्य पाठक, पंडित सचिन शुक्ला, पंडित हनुमान मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार पंडित अनिल दुबे, सुमित अग्रवाल, पंडित तोषु पाण्डेय, पंडित सौरभ मिश्रा, पंडित मुकेश तिवारी, पंडित अंकित मिश्रा, प्रमोद पटेल सहित शिष्य मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here