सागर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम में चोरी की कोशिश, पेंचकस से कैश बॉक्स तोड़ने का प्रयास CCTV में कैद
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित बीएमसी रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम में शनिवार देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। एक बदमाश पेंचकस लेकर एटीएम में घुसा और कैश बॉक्स तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, देर रात एक युवक चेहरे पर मास्क लगाकर एटीएम के अंदर पहुंचा। पहले उसने जेब से एटीएम कार्ड निकाला, फिर कमर में रखा पेंचकस निकालकर मशीन का कैश बॉक्स खोलने की कोशिश करने लगा। करीब दो मिनट तक उसने लगातार एटीएम तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने गोपालगंज थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की पूरी गतिविधि कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


