खुदाई में निकले 49 प्राचीन चांदी के सिक्के, मकान मालिक ने ईमानदारी दिखाते हुए पुलिस को सौंपे

0

खुदाई में निकले 49 प्राचीन चांदी के सिक्के, मकान मालिक ने ईमानदारी दिखाते हुए पुलिस को सौंपे

सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेगुवां में मकान निर्माण के दौरान एक दिलचस्प और ऐतिहासिक महत्व की खोज सामने आई है। गांव निवासी दयाल अहिरवार के नए मकान की नींव की खुदाई के दौरान मजदूरों को जमीन के भीतर एक घड़ा मिला। जब घड़े को खोला गया तो उसमें चांदी के प्राचीन सिक्के रखे हुए थे, जिन्हें देखकर सभी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, दयाल पिता प्रहलाद अहिरवार अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहे हैं। बुधवार को नींव की खुदाई के दौरान मजदूरों को जमीन में दबा हुआ एक घड़ा दिखाई दिया। घड़े की जांच करने पर उसके अंदर बड़ी संख्या में पुराने चांदी के सिक्के मिले। सिक्कों पर उर्दू-फारसी लिपि में लेख अंकित हैं, जिससे प्रारंभिक तौर पर इनके मुगलकालीन होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, सिक्कों की वास्तविक आयु और ऐतिहासिक महत्व का पता विशेषज्ञों की जांच के बाद ही चल सकेगा। सिक्के मिलने के बाद मकान मालिक दयाल अहिरवार ने जिम्मेदारी का परिचय देते हुए उन्हें अपने पास रखने के बजाय गढ़ाकोटा थाने पहुंचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम् दुबे ने बताया कि रेगुवां गांव में मकान निर्माण के दौरान कुल 49 प्राचीन चांदी के सिक्के प्राप्त हुए हैं। पुलिस ने सिक्कों को नियमानुसार जब्त कर लिया है और इस संबंध में तहसीलदार सहित पुरातत्व विभाग को सूचना भेज दी गई है। अब संबंधित विभाग इन सिक्कों की जांच कर उनकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वास्तविक कालखंड का निर्धारण करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here