सागर पुलिस की कार्रवाई : चोरी गया ई-ऑटो बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार…
सागर। जिला सागर में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना मोतीनगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ से कार्यवाही करते हुए चोरी गया ई-ऑटो बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 05.05.2026 को फरियादी राहुल रजक पिता रमेश रजक उम्र 36 वर्ष निवासी भरका गोपालजी मंदिर के पास, सूबेदार वार्ड, थाना मोतीनगर सागर थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके दो ई-ऑटो वाहन किराये से चलते हैं। उसका ई-ऑटो क्रमांक MP 15 ZN 1951 चालक चन्द्रशेखर रजक चलाता है।
दिनांक 05.05.2026 को चालक चन्द्रशेखर रजक भाग्योदय अस्पताल सवारी छोड़ने गया था। इस दौरान उसने ई-ऑटो सड़क किनारे खड़ा कर फुटकर पैसे कराने गया। वापस लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला। फरियादी एवं उसके परिजनों द्वारा आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन वाहन का कोई पता नहीं चला। अज्ञात आरोपी द्वारा ई-ऑटो चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 494/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कार्यवाही
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश पतारसी की गई।
सघन जांच एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने अन्नू उर्फ अनिल पिता स्वर्गीय गुड्डा अहिरवार उम्र 32 वर्ष निवासी बिजली ऑफिस के पास, संत रविदास वार्ड, मोतीनगर सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ई-ऑटो चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया ई-ऑटो क्रमांक MP 15 ZN 1951 कीमती लगभग ₹5.30 लाख बरामद कर जप्त किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना मोतीनगर में गंभीर अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 186/2023 धारा 302 भादवि के अंतर्गत हत्या का प्रकरण दर्ज हुआ था, जिसमें माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को 14 वर्ष के कारावास से दंडित किया गया था। आरोपी वर्तमान में जमानत पर रिहा होकर बाहर चल रहा था।
बरामदगी
चोरी गया ई-ऑटो क्रमांक MP 15 ZN 1951
अनुमानित कीमत – ₹5.30 लाख
सराहनीय भूमिका
उक्त सराहनीय कार्यवाही में थाना मोतीनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही—
निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, थाना प्रभारी मोतीनगर
प्रधान आरक्षक शोऐब
प्रधान आरक्षक अजय
प्रधान आरक्षक नदीम
आरक्षक राहुल
थाना मोतीनगर पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा कर चोरी गया वाहन बरामद किया गया है। सागर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही जारी है एवं आमजन की सुरक्षा हेतु पुलिस पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।


