बाबा के भेष में ठगी करने वाला गिरफ्तार, महिलाओं को डराकर ले जाता था जेवर
सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र में बाबा का रूप धारण कर महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिलाओं को उनके पति पर संकट आने का भय दिखाकर पूजा-पाठ का झांसा देता था और इसी बहाने उनके मंगलसूत्र व अन्य आभूषण लेकर फरार हो जाता था।
थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 अप्रैल को खमरिया रोड भदभदा निवासी मालती प्रजापति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति बाबा बनकर उसके घर पहुंचा और उसके पति पर संकट की बात कहकर उसे डरा दिया। इसके बाद उसने पूजा कराने के नाम पर उसका मंगलसूत्र रुमाल में रखवाया और मौका पाकर वहां से गायब हो गया। जब महिला ने रुमाल खोला तो मंगलसूत्र नहीं मिला।
इसी तरह की एक और घटना 8 अप्रैल को धाऊ गांव में सामने आई, जहां हेमलता पटेल भी इसी तरीके से ठगी का शिकार हुई थी। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना और ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने आरोपी बालमुकुंद उर्फ हलुआ, निवासी ग्राम बेरखेड़ी थाना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद किया है, जिसमें 36 सोने की गुरियां, 2 सोने के पेंडल, 10 इलायची आकार की सोने की गुरियां, पायल और सोने की चेन शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की भोली-भाली महिलाओं को निशाना बनाता था और इसी तरह की घटनाएं राहतगढ़ क्षेत्र में भी अंजाम दे चुका है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।


