सागर में होलिका दहन की रात हंगामा: पार्षद नीलोफर चमन अंसारी के घर धारदार हथियार से हमला, CCTV में कैद वारदात
सागर के केशवगंज वार्ड में सोमवार रात होलिका दहन के दौरान एक बदमाश ने धारदार हथियार लेकर कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी के घर पर जमकर हंगामा किया। बदमाश ने घर का गेट खोलने की कोशिश की और हथियार से वार किए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पार्षद और उनके परिजनों ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात जब केशवगंज वार्ड में होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंच गए और विवाद करने लगे। इन्हीं में से एक बदमाश हाथ में धारदार हथियार लेकर सीधे कांग्रेस पार्षद के घर पहुंचा और गेट पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। हंगामा और चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग जमा हुए, तो आरोपी भीड़ को देखकर मौके से भाग निकला।
CCTV फुटेज पुलिस को सौंपा, सरगर्मी से तलाश शुरू
इस खौफनाक वारदात के बाद कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी ने परिजनों के साथ तुरंत मोतीनगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत की। पुलिस को वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया गया है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर हथियार लहराते और गेट पर हमला करते नजर आ रहा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
छेड़छाड़ के मामले में जेल गए थे, छूटते ही किया हमला
मामले में पार्षद के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्र में आपराधिक प्रवृत्ति के कुछ युवक आए दिन स्कूल और कोचिंग जाने वाली बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। करीब 2-3 महीने पहले ऐसी ही एक घटना की शिकायत थाने में की गई थी, जिसके बाद आरोपी जेल गए थे। परिजनों का आरोप है कि हाल ही में वे छूटकर आए हैं और इसी रंजिश में उन्होंने यह हमला किया है। गनीमत रही कि गेट बंद था, वरना वे घर में घुसकर परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते थे। परिजनों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है


