सागर के तुलसीराम बने इस तरह सफल उद्यानिकी किसान
सागर। सागर जिले के अंतर्गत ग्राम बडकुआ के प्रगतिशील किसान तुलसीराम पटेल ने आधुनिक खेती को अपनाकर सफलता की नई मिसाल कायम की है। अटल भूजल योजना के अंतर्गत उद्यानिकी विभाग द्वारा उनके खेत में नेट हाउस का निर्माण कराया गया, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है। इस परियोजना में किसान को 17 लाख रुपए का अनुदान शासन की ओर से प्राप्त हुआ, जबकि 17 लाख रुपए की राशि स्वयं किसान को वहन करनी पड़ी।
तुलसीराम पटेल बताते हैं कि उन्होंने अपने एक एकड़ क्षेत्र में नेट हाउस के भीतर शिमला मिर्च की उन्नत किस्म लगाई। नियंत्रित तापमान और सुरक्षित वातावरण के कारण फसल की गुणवत्ता उत्कृष्ट रही और उत्पादन भी बेहतर मिला। अब तक वे इस फसल से लगभग 10 से 12 लाख रुपए की आय अर्जित कर चुके हैं। इसमें उनकी कुल लागत करीब 5 से 6 लाख रुपए रही, जिससे उन्हें लगभग 6 से 7 लाख रुपए का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ है।
वे बताते हैं कि फसल अभी एक से दो माह और चलेगी। यदि बाजार भाव अनुकूल रहे तो अतिरिक्त 2 लाख रुपए तक का और मुनाफा होने की संभावना है। इस प्रकार एक ही सीजन में उन्हें उल्लेखनीय आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
तुलसीराम पटेल का कहना है कि अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही। उन्हें विभाग से किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। समय-समय पर उद्यानिकी विभाग के अधिकारी नेट हाउस का निरीक्षण करने आते हैं और आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करते हैं। किसान तुलसीराम उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक तकनीक से खेती कर रहे हैं और अधिक आय अर्जित कर रहे हैं।


