“भारत जल्द बनेगा विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति”- उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत सागर विधानसभा में प्रबुद्धजन सम्मेलन संपन्न

भारत जल्द बनेगा विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति”- उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

स्वदेशी और आत्मनिर्भरता से ही बनेगा सशक्त भारत”- शैलेंद्र कुमार जैन विधायक

सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत सागर विधानसभा में गुरुवार को प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजपा कार्यालय, अम्बेडकर वार्ड, धर्मश्री में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, व्यापारी वर्ग एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि “आज पूरा भारत निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है। पूरा विश्व जानता है कि भारत बहुत जल्द तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा है। हम जापान को पीछे छोड़ चौथे नंबर पर आ चुके हैं और शीघ्र ही जर्मनी को भी पीछे छोड़ देंगे। इसके बाद हम सिर्फ अमेरिका और चीन से पीछे रहेंगे”

उन्होंने आगे कहा कि भारत अब न केवल आर्थिक रूप से बल्कि रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन रहा है। “ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल युद्ध में पाकिस्तान को पराजित किया, बल्कि अपने स्वदेशी हथियारों की क्षमता का प्रदर्शन कर पूरी दुनिया को दिखा दिया कि भारत आज रक्षा निर्माण में भी अग्रणी राष्ट्र है। आज भारतीय हथियारों की विश्वभर में मांग बढ़ रही है।”
राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा “वोकल फॉर लोकल” अभियान आत्मनिर्भर भारत की नींव है,जब हर भारतीय स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएगा, तभी सच्चे अर्थों में भारत आत्मनिर्भर बनेगा। स्वावलंबन की यह भावना ही आने वाले भारत की पहचान होगी।
अध्यक्षता कर रहे विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है,“वर्ष 2014 में जब माननीय नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री पद संभाला था, तब भारत रक्षा और आर्थिक दोनों क्षेत्रों में विश्व में 11वें स्थान पर था। आज हम चौथे स्थान पर हैं — यह परिवर्तन स्वदेशी भावना और आत्मनिर्भर भारत की नीति के कारण संभव हुआ है।”
उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता देश है“यदि हम अपने ही बनाए उत्पादों का उपभोग करने लगें, तो हमें किसी अन्य देश पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी। अमेरिका या कोई भी देश टैरिफ लगा ले, भारत अपनी क्षमता से आगे बढ़ेगा। यही आत्मनिर्भर भारत का वास्तविक स्वरूप है।”
विधायक जैन ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों — मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने भारत की अर्थव्यवस्था में नया आत्मविश्वास जगाया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान देश के विकास की आत्मा है।उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग समाज के नीति निर्धारण में अहम भूमिका निभाता है, और ऐसे वर्ग की सहभागिता से ही यह अभियान जन-जन तक पहुंचेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेश केशरवानी, मंडल अध्यक्ष मेघा दुबे, अमित बैसाखिया, नीलम अहिरवार, नीरज यादव, नगर निगम की सभापति संगीता तिवारी, निकेश गुप्ता, श्रीकांत जैन,मनीष चौबे, नितिन सोनी, प्रदीप पाठक सहित बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नीरज यादव ने किया एवं आभार मेघा दुबे ने किया।