डॉक्टर से मारपीट के विरोध में सैकड़ो लोग उतरे सड़क पर, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

0

डॉक्टर से मारपीट के विरोध में सैकड़ो लोग उतरे सड़क पर, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

सागर। देवरी कला उप स्वास्थ्य केंद्र बारहा में पदस्थ डॉक्टर राहुल बारोलिया और कंपाउंडर नितेश पटेल के साथ बीते दिनों निजी क्लीनिक में लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई। हमलावरों ने डॉक्टर और कंपाउंडर को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना से नगर में आक्रोश फैल गया है।

डॉक्टर के साथ हुई इस दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना के विरोध में नगर के कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने एकजुट होकर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। ‘आस एक उम्मीद’ सामाजिक संस्था, मेडिकल एवं डॉक्टर संगठन, ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों और नगर के लगभग एक हजार नागरिकों ने मिलकर शनिवार को विरोध रैली निकाली।

जुलूस निकाला, ज्ञापन सौंपा

प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में नगर के विवेकानंद चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध जताते हुए सभी संगठनों ने एसडीओपी शशिकांत सरयाम को ज्ञापन सौंपा और नगर में बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस पर गंभीर आरोप, सट्टा-जुआ और नशे के कारोबार का मुद्दा उठाया

‘आस एक उम्मीद’ संस्था के अध्यक्ष संजय बृजपुरिया ने कहा कि नगर में सट्टा, जुआ और स्मैक जैसे नशे के कारोबार खुलेआम हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब पुलिस की मिलीभगत से ही संभव हो पा रहा है। यदि पुलिस समय रहते सख्त कार्रवाई करती, तो डॉक्टर पर हमला जैसी घटना नहीं होती। बृजपुरिया ने चेतावनी दी कि यदि अपराधियों के खिलाफ जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो नगर में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान लोगों का गुस्सा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर फूटा। “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” और “अपराधियों को फांसी दो” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। नगर के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही और अपराधियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए।

तीन आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी

एसडीओपी शशिकांत सरयाम ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। अब तक इस घटना में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

नगर में बढ़ रही असुरक्षा की भावना

इस घटना के बाद नगर में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। नागरिकों का कहना है कि यदि डॉक्टर, जो जनसेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं, उनके साथ ऐसी घटनाएं होंगी तो आम आदमी की सुरक्षा कैसे होगी। सभी संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में चल रहे अवैध कारोबारों पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।