प्रभारी प्राचार्य 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सिवनी। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हायर सेकंडरी स्कूल तुल्फरैयत के प्रभारी प्राचार्य मुकेश कुमार नामदेव (48) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बखारी बस स्टैंड स्थित एक चाय-नाश्ता दुकान में की गई।
लोकायुक्त टीम ने बताया कि आरोपित मुकेश कुमार नामदेव मूलत: माध्यमिक शिक्षक हैं और वर्तमान में हायर सेकंडरी स्कूल तुल्फरैयत में प्रभारी प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं। उनके अधीन जनशिक्षा केंद्र बीजादेवरी के अंतर्गत 26 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल आते हैं।
शिकायत छपारा विकासखंड के शासकीय माध्यमिक स्कूल बीजादेवरी के प्रधान पाठक ढीलनसिंह बिसेन (61) ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र से हर वर्ष शाला प्रबंधन समिति के खाते में छात्रों की संख्या के आधार पर लगभग 50 हजार रुपये की राशि दी जाती है। इसी राशि के व्यय को लेकर लगाए गए आरटीआई आवेदन को वापस लेने के एवज में मुकेश नामदेव द्वारा प्रधान पाठकों से पैसों की मांग की जा रही थी।
लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजना बनाकर 4 अप्रैल की शाम लगभग 4 बजे कार्रवाई को अंजाम दिया। मुकेश नामदेव को रिश्वत की राशि स्वीकार करते ही पकड़ लिया गया। कार्रवाई में लोकायुक्त निरीक्षक रेखा प्रजापति, नरेश बेहरा, कमल सिंह उइके व अन्य अधिकारी शामिल रहे।
इसके बाद आरोपित को छपारा विश्रामगृह लाकर आगे की दस्तावेजी कार्यवाही की गई। मुकेश कुमार नामदेव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा 7, 13(1)(बी), 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त निरीक्षक रेखा प्रजापति ने बताया कि पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।