सड़क पार करते समय कार ने मारी टक्कर, 3 घंटे बंद रहा सागर-सिलवानी हाईवे

सड़क पार करते समय कार ने मारी टक्कर, 3 घंटे बंद रहा सागर-सिलवानी हाईवे

सागर। जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चांदौनी में सड़क दुर्घटना में बालिका की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। वे सागर-सिलवानी स्टेट हाईवे पर बैठक गए। परिवार वालों ने दोषी कार चालक पर कार्रवाई करने और आर्थिक मदद की मांग की। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। चक्काजाम से करीब 3 घंटे तक सागर-सिलवानी हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।

जानकारी के अनुसार सौम्या प्रजापति उम्र 7 साल निवासी चांदौनी रविवार को अपने पिता ब्रजेश प्रजापति के साथ गांव में जा रही थी। तभी सड़क पार करते समय तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने सौम्या को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सौम्या गंभीर घायल हुई। जिसे निजी वाहन की मदद से जैसीनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान बालिका की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाया। पीएम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।

चक्काजाम से हाईवे पर लगी वाहनों की कतार बालिका की मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। ग्रामीण और परिवार वालों ने सागर-सिलवानी हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर पत्थर, लकड़ी रखकर बैठ गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया।

इसी बीच जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात की और ढांढस बंधवाया। सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं बोलेरो चालक पर जल्द कार्रवाई किए जाने की बात कही। जिसके बाद परिवार वाले माने और चक्काजाम खोला गया। चक्काजाम के दौरान स्टेट हाईवे पर करीब तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर बोलेरो वाहन की तलाश शुरू की है।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top