PM मोदी बोले ‘अब चंदा मामा दूर के नहीं, एक टूर के हैं’, चांद पर चंद्रयान- 3 की सफल लैंडिंग

इसरो के मिशन चंद्रयान की सफलतापूर्व लैंडिंग, पीएम मोदी बोले- ये विकसित भारत का क्षण, गौर हो कि चांद के दक्षिणी ध्रुव पर इंडिया ने रख दिए हैं सफल कदम सॉफ्ट लैंडिंग सफल रही है, पीएम मोदी ने कहा कि ये क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मेरे प्यारे परिवारजनो जब हम अपनी आंखों के सामने ऐसा इतिहास बनते हुए देखते हैं तो गर्व होता है। ऐसी ऐतिहासिक घटनाएं राष्ट्र जीवन की चेतना बन जाती हैं। यह पल अविस्मरणीय है। यह क्षण अभूतपूर्व है। यह क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। यह क्षण नए भारत के जयघोष का है। यह क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। यह क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है। यह क्षण 140 करोड़ धड़कनों के सामर्थ्य का है। यह क्षण भारत की नई ऊर्जा, नई चेतना का है। यह क्षण भारत के उदीयमान भाग्य के आह्वान का है। अमृतकाल की प्रथम प्रभा में सफलता की अमृत वर्षा हुई है। हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे साकार किया।

बता दें कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के मिशन चंद्रयान-3 की बुधवार की शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग हो गई। इसके साथ ही चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर अपने यान को उतारने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है, इस पर दुनियाभर की नजरें टिकी हुईं थीं।