यातायात पुलिस के कथित दुर्व्यवहार और चालानी कार्रवाई के खिलाफ शिक्षकों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
सागर। यातायात पुलिस की कथित मनमानी, दुर्व्यवहार और नियम विरुद्ध चालानी कार्रवाई के खिलाफ मध्यप्रदेश शिक्षक संघ एवं जागरूक नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक सागर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन संघ के जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी शैलेंद्र प्रजापति के साथ यातायात चेकिंग के दौरान हुई कथित घटना को लेकर सौंपा गया। आरोप है कि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज गेट के सामने चेकिंग के दौरान एएसआई महेश गायकवाड़ एवं यातायात स्टाफ द्वारा वाहन की चाबी जबरन निकाल ली गई और अभद्र व्यवहार किया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि शैलेंद्र प्रजापति ने केंद्र सरकार द्वारा अधिकृत डिजीलॉकर में अपना ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत किया, लेकिन उसे मान्य नहीं किया गया। आरोप है कि हेलमेट नहीं होने के मामले में ₹300 के स्थान पर लाइसेंस नहीं होने से संबंधित धारा 130/177 जोड़कर ₹800 का चालान किया गया।
शिक्षकों का आरोप है कि चेकिंग के दौरान अनावश्यक विवाद और विलंब के कारण वे समय पर अपने कर्तव्य स्थल नहीं पहुंच सके, जिससे ई-अटेंडेंस प्रभावित हुई और एक दिन के वेतन कटने की स्थिति बनी। वहीं, समान रूप से कार्रवाई की मांग करने पर एफआईआर कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मौके पर कई बिना हेलमेट वाहन चालकों को जाने दिया गया, जबकि चयनात्मक तरीके से कार्रवाई की गई। शिक्षकों एवं नागरिकों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में ई-चालान से धारा 130/177 को हटाने या संशोधित करने, ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा नियमों की अवहेलना और कथित दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता, जिला अध्यक्ष सूर्यपाल सिंह राजपूत, जिला संगठन मंत्री सी.बी. सिंह राजपूत, जिला सचिव मनोज जैन, हाकम सिंह, भाजपा अंत्योदय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शालीन सिंह, रूपेश सोनी, दामोदर प्रजापति, हेमंत विश्वकर्मा, दीपक राजे, महेंद्र प्रजापति, यशपाल यादव, विनोद प्रजापति, राहुल कोरी, संजय प्रजापति सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


