मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

वायरल VIDEO: ग्रामीणों के सहारे नदी पार कर स्कूल जा रहीं छात्राएं, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
वायरल VIDEO: ग्रामीणों के सहारे नदी पार कर स्कूल जा रहीं छात्राएं, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

वायरल VIDEO: ग्रामीणों के सहारे नदी पार कर स्कूल जा रहीं छात्राएं, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

सागर/रहली। सागर जिले की रहली जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बेरखेरी कलां में कोपरा नदी पर बनी क्षतिग्रस्त पुलिया स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए मुसीबत बन गई है। बारिश के बीच छात्राएं ग्रामीणों के सहारे जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार गढ़ाकोटा नगर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित बेरखेरी कलां ग्राम पंचायत में कोपरा नदी पर बनी पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। वायरल वीडियो में छात्राएं नदी के बहते पानी के बीच ग्रामीणों के सहारे एक-एक कर पुलिया पार करती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

बताया गया है कि यह मार्ग बेरखेरी कलां और चेनपुरा गांव के विद्यार्थियों के स्कूल पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से खतरा और बढ़ जाता है। हालांकि गांव तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, लेकिन अधिकांश ग्रामीण और विद्यार्थी इसी पुलिया का उपयोग कर रहे हैं।

मामले में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया पार करने के वीडियो सामने आने के बाद उपयंत्री को मौके पर भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिया के शीघ्र निर्माण के लिए संबंधित एजेंसी से चर्चा की जा रही है।

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अब तक मरम्मत पूरी नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए पुलिया की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।