खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक 730 मीटर लंबी सड़क होगी 15 मीटर चौड़ी, सीएम के पैतृक मकान समेत 272 भवन सड़क की जद में
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का बड़ा अभियान शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने ही पैतृक आवास से की। करीब 960 वर्ग फीट क्षेत्र में बने दो मंजिला मकान पर सुबह 10 बजे पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले विधिवत पूजन-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने खुद फावड़ा चलाकर मकान के प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल की नगरी के विकास में कोई पद बाधा नहीं बनेगा। विकास के मामले में आम हो या खास, नियम सभी के लिए समान हैं।
दरअसल, सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर शहर में सड़कों को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। इसी योजना के तहत खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने यानी गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबा मार्ग विकसित किया जाना है। प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई 15 मीटर रखी गई है।
इस सड़क के लिए निर्धारित सीमा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक आवास भी आ रहा है। इसके अलावा उनकी बहन और उज्जैन नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव के मकान सहित कुल 272 भवन सड़क चौड़ीकरण की जद में हैं।
मुख्यमंत्री के दादा स्वर्गीय रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में यह पैतृक मकान बनवाया था। नगर निगम की ओर से मकान पर भी सड़क चौड़ीकरण के लिए लाल निशान लगाया गया है। प्रस्तावित मार्ग के लिए मकान का करीब 3.8 मीटर हिस्सा हटाया जाना है।
बताया गया है कि इस मकान में कई वर्षों से यादव परिवार का कोई सदस्य निवास नहीं कर रहा था। सड़क चौड़ीकरण अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक आवास के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई से कराते हुए यह संदेश दिया कि प्रस्तावित विकास कार्य में निर्धारित नियम सभी पर समान रूप से लागू होंगे।


