उचित मूल्य दुकान में अनियमितता पर दो गिरफ्तार, 2021 से फरार स्थायी वारंटी भी दबोचा
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य दुकान में वितरण और स्टॉक संधारण में अनियमितता के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं वर्ष 2021 से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को शास्त्री वार्ड स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता रमा तिवारी और सहायक विक्रेता अनुरोध तिवारी के खिलाफ शिकायत मिली थी। जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितता पाए जाने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(4), 318(4), 3(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसी क्रम में 3 सितंबर को पुलिस ने वर्ष 2021 में न्यायालय से जारी स्थायी वारंट के मामले में राजेश अहिरवार (42), निवासी अमावनी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।


