त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की मिठाई दुकानों और कारखानों पर दबिश, राजस्थान स्वीट्स और रौनक एजेंसी से लिए सैंपल
सागर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को विभाग की टीम ने शहर के मिष्ठान कारखानों और दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के नमूने लिए।
कार्रवाई के दौरान टीम ने राजस्थान स्वीट्स के कारखाने का निरीक्षण किया। यहां तैयार हो रहे मिल्क केक, केसर बर्फी और मूंग बर्फी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इसके बाद सिदगुवां स्थित मेसर्स श्री भैया लाल जी ट्रेडिंग हाउस के कारखाने की जांच कर मावा कतली का नमूना लिया गया।
इसी क्रम में कटरा भीतर बाजार स्थित रौनक एजेंसी पर भी खाद्य विभाग की टीम पहुंची। यहां रसगुल्लों सहित अन्य मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जिले के सभी मिष्ठान निर्माताओं और विक्रेताओं को मिठाइयों में खाद्य रंगों का कम से कम इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। जरूरी होने पर केवल एफएसएसएआई से अनुमत खाद्य रंगों का निर्धारित मात्रा में उपयोग करने को कहा गया है। नियमों का उल्लंघन और मिलावट पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा और शीतल सिंह की मौजूदगी में लिए गए नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


