त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाई और बेकरी पर छापा
सागर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ कार्यालय खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश के आदेश और कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गुजरात स्वीट्स सिविल लाइंस और पीएम बेकर्स का निरीक्षण किया। दोनों प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्ति वैध पाई गई। गुजरात स्वीट्स से पेड़ा, छेना अंगूरी, नमकीन और फलहारी मिक्चर के नमूने लिए गए, जबकि पीएम बेकर्स से सेलिब्रेशन पैक और केक पुंज के नमूने एकत्रित किए गए।
खाद्य पदार्थों के सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के साथ सिविल लाइंस स्थित हॉकर्स जोन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित मानकों के अनुसार खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह द्वारा की गई।


