सागर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सागर में जिला स्तरीय समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के उत्साह के साथ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का सजीव प्रसारण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सागर की ऐतिहासिक धरती के वीरों को नमन करते हुए गोंड राजा संग्रामशाह, बुंदेला शासकों, मराठों और 1842 के बुंदेला विद्रोह से लेकर 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन तक के योगदान को याद किया। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास में सभी से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल, पुलिस प्रशिक्षण शाला, एनसीसी बालक-बालिका कैडेट्स और शौर्य दल की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
मंत्री राजपूत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में रजत पदक जीतने वाली सागर की खिलाड़ी यामिनी मौर्य, देहदान करने वाले दानदाताओं के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
परेड में सशस्त्र श्रेणी में जेएनपीए सागर, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल सागर और पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया ने शानदार प्रदर्शन किया। निशस्त्र श्रेणी में 11 एमपी एनसीसी बालक, 7 एमपी एनसीसी बालिका एवं शौर्य दल सागर तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के दल शामिल रहे।
समारोह में जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित ‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश- जिले की विकास गाथा’ पुस्तिका का भी वितरण किया गया। पुस्तिका में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई है।
इस अवसर पर सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, पूर्व विधायक सुधा जैन, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत, कमिश्नर अनिल सुचारी, कलेक्टर प्रतिभा पाल, डीआईजी शशिंद्र चौहान, एसपी अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, डीएफओ वरुण यादव, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला तालचिरी में छात्राओं के साथ मध्याह्न भोजन भी किया। भोजन से पहले विद्यार्थियों ने भोजन मंत्र का उच्चारण किया और मंत्री ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इससे पहले उन्होंने विद्यालय परिसर में कदम का पौधा रोपा और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।
मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम रोहित वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेंद्र द्विवेदी, जैसीनगर एसडीएम नवीन सिंह ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, मोना दांगी, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इधर, सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने निवास और कमिश्नर कार्यालय में ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प दिलाते हुए देशभक्ति की भावना से कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें सेवा, कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहने की याद दिलाता है।
कमिश्नर कार्यालय के सभागार में संयुक्त आयुक्त विकास पीसी शर्मा ने स्वरचित रचना प्रस्तुत की। अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प भी दोहराया गया।


