ट्रेन में गांजा तस्करी का मामला: जीआरपी सागर ने 2 किलो से अधिक गांजे के साथ ग्वालियर के युवक को पकड़ा
उत्कल एक्सप्रेस के एसी कोच में अवैध रूप से ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ, जब्त गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये
सागर। जीआरपी सागर पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्कल एक्सप्रेस से गांजा परिवहन कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 18477 उत्कल एक्सप्रेस के एसी कोच में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी सागर की टीम ने कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2.050 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अजय त्यागी (42), पिता नाथूराम त्यागी, निवासी नारायण बिहार कॉलोनी, थाना गोले का मंदिर, ग्वालियर के रूप में हुई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 422/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी के मार्गदर्शन में की गई। रेल पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एच.एल. चौधरी, एम.सी.बी. भोपाल के उनि. कुलदीप सिंग, कृष्ण कुमार, आर. मुकेश सिंग, सतीश सिंह राजपूत, अनिल यादव, आर. नरेश सिंह, गणेश साहू, आरपीएफ सागर तथा आर. मोहसिन खान और ओमकार सिरसाम की सराहनीय भूमिका रही।


