मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

तीन दशक का पुलिस अनुभव, संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी निभाई जिम्मेदारी… संजीव सिंहा बने सागर के नए एसपी

By: गजेंद्र ठाकुर•
तीन दशक का पुलिस अनुभव, संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी निभाई जिम्मेदारी… संजीव सिंहा बने सागर के नए एसपी
Sponsor Ad

तीन दशक से अधिक का समृद्ध पुलिस सेवा अनुभव, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

सागर। मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के पालन में श्री संजीव सिंहा ने आज दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व वे 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF), ग्वालियर में सेनानी के पद पर पदस्थ थे तथा पुलिस अधीक्षक ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

श्री संजीव सिंहा ने 01 जुलाई 1996 को मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। वर्ष 2016 में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुए। लगभग तीन दशक से अधिक की अपनी विशिष्ट सेवा अवधि में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में पदस्थ रहते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों की निगरानी, भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई तथा पुलिस बल के नेतृत्व में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

विभिन्न जिलों में चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन

अपने सेवाकाल में श्री सिंहा ने उज्जैन, इन्दौर होशंगाबाद, बिलासपुर, अलीराजपुर, मंडला, उज्जैन, सिंगरौली, धार, डिंडोरी एवं गुना सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। प्रारंभिक सेवाकाल में ही उन्होंने कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों एवं गंभीर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटकर अपनी कार्यक्षमता और साहस का परिचय दिया।

अलीराजपुर में पदस्थापना के दौरान गोधरा की घटना के बाद उत्पन्न सांप्रदायिक तनावपूर्ण परिस्थितियों को कुशलतापूर्वक संभालते हुए क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नर्मदा बचाओ आंदोलन से जुड़े आंदोलनों के दौरान भी उन्होंने कानून-व्यवस्था का प्रभावी प्रबंधन किया।

मंडला में पदस्थापना के दौरान कान्हा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार की रोकथाम के लिए WWF के साथ समन्वय कर कार्य किया तथा मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों की निगरानी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

*संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन लाइबेरिया में निभाई अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी*

श्री सिंहा के सेवाकाल का एक महत्वपूर्ण अध्याय संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अंतर्गत लाइबेरिया में उनकी पदस्थापना रही। यहां उन्होंने डिप्टी ऑपरेशंस कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्य करते हुए 29 में से 19 संयुक्त राष्ट्र पुलिस स्टेशनों तथा 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुलिस अधिकारियों के कार्यों के पर्यवेक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। लाइबेरिया की राष्ट्रीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक पुलिसिंग पद्धतियों को लागू करने में भी योगदान दिया। उनके कार्यों की संयुक्त राष्ट्र पुलिस प्रमुख द्वारा सराहना की गई।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं उल्लेखनीय उपलब्धियां

मार्च 2017 से मई 2022 तक विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त संगठन में पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ रहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत ट्रैप एवं आय से अधिक संपत्ति के महत्वपूर्ण प्रकरणों के प्रभावी अनुसंधान और कार्रवाई में उल्लेखनीय योगदान दिया। इस दौरान सतना नगर निगम आयुक्त से संबंधित 12 लाख रुपये की रिश्वत का महत्वपूर्ण ट्रैप प्रकरण भी उनकी उपलब्धियों में शामिल रहा।

गुना जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थापना के दौरान हनुमान टेकरी डकैती प्रकरण में पुलिस टीम का नेतृत्व करते हुए 12 किलोग्राम चांदी की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कठिन कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों में कुशल नेतृत्व

सिंगरौली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थापना के दौरान तीन दिवसीय कर्फ्यू की स्थिति में पुलिस बल का प्रभावी नेतृत्व करते हुए शासकीय संपत्ति एवं अन्य संसाधनों को न्यूनतम नुकसान सुनिश्चित किया। साथ ही क्षेत्र में कबाड़, कोयला एवं डीजल चोरी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही की। उन्होंने राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) की द्वितीय वाहिनी के प्रथम सेनानी के रूप में नई वाहिनी की स्थापना में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

धार में भोजशाला क्षेत्र में रंगपंचमी के आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न धार्मिक समूहों के साथ संवाद एवं समन्वय स्थापित किया। वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ मेले के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा सिंहस्थ ज्योति पदक से सम्मानित किया गया।

वर्तमान पदस्थापना एवं नई जिम्मेदारी

संजीव सिंहा का व्यापक प्रशासनिक अनुभव, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता, अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता तथा पुलिस बल के साथ प्रभावी समन्वय उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं रही हैं।

सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के उपरांत वे जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम एवं नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।