स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय में ब्लैक आउट मॉकड्रिल, हवाई हमले जैसी स्थिति में राहत-बचाव का अभ्यास
सागर। मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग के निर्देशानुसार हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय परिसर में ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। मॉकड्रिल में विभिन्न बचाव दलों ने समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य का अभ्यास किया।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशन एवं संयुक्त कलेक्टर आरती यादव के मार्गदर्शन में आयोजित मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले की सूचना मिलते ही सायरन बजाया गया और ब्लैक आउट की कार्रवाई की गई। निर्धारित परिदृश्य के तहत परिसर के कुछ स्थानों पर आग लगने की स्थिति निर्मित की गई। फायर ब्रिगेड ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभ्यास किया।
इसके बाद एसडीईआरएफ, होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं आपदा मित्रों की फायर, सर्च, रेस्क्यू और स्ट्रेचर पार्टियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घटनास्थल की सघन तलाशी लेकर फंसे लोगों का पता लगाया गया। बचाव दल ने चार गंभीर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जबकि सामान्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
मॉकड्रिल का संचालन जिला सेनानी होमगार्ड भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने किया। अभियान के समापन पर सभी रेस्क्यू दलों की डी-ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और मॉकड्रिल के सफल समापन की घोषणा की गई।
इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी पीके दत्ता, कंपनी कमांडर अनिमेष राजपूत, प्लाटून कमांडर समीक्षा श्रीधर सहित होमगार्ड, एसडीईआरएफ, सिविल डिफेंस, फायर विभाग, एनसीसी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मॉकड्रिल में 50 से अधिक सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स एवं आपदा मित्रों ने सहभागिता की।


