मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

स्वच्छता को लेकर निगमायुक्त सख्त, गन्ना विक्रेताओं को दी हिदायत; झलकारी बाई पार्क का भी किया निरीक्षण

By: गजेंद्र ठाकुर•
स्वच्छता को लेकर निगमायुक्त सख्त, गन्ना विक्रेताओं को दी हिदायत; झलकारी बाई पार्क का भी किया निरीक्षण
Sponsor Ad

स्वच्छता को लेकर निगमायुक्त सख्त, गन्ना विक्रेताओं को दी हिदायत; झलकारी बाई पार्क का भी किया निरीक्षण

दीनदयाल चौक और एलीवेटेड कॉरिडोर पर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, निर्माणाधीन पार्क को आकर्षक बनाने और अधूरे काम जल्द पूरे करने के दिए निर्देश

सागर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और विकास कार्यों की गुणवत्ता देखने शुक्रवार सुबह निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री मैदान में उतरे। उन्होंने दीनदयाल चौक और एलीवेटेड कॉरिडोर क्षेत्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी। इस दौरान सड़क किनारे गन्ने की दुकान लगाने वाले विक्रेताओं को स्वच्छता बनाए रखने और यातायात व्यवस्था प्रभावित न करने की समझाइश दी।

निगमायुक्त ने गन्ना विक्रेताओं से कहा कि वे अपना व्यवसाय नियमित रूप से करें, लेकिन दुकान के आसपास गन्ने के पत्ते और अन्य कचरा इधर-उधर न फैलने दें। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में सागर को देश के शीर्ष तीन शहरों में स्थान मिल चुका है और राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है। ऐसे में शहर की इस उपलब्धि और प्रतिष्ठा को कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने विक्रेताओं को गन्ने व्यवस्थित तरीके से रखने की हिदायत देते हुए कहा कि सामान सड़क तक न फैलाएं, जिससे वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो। गन्ने के पत्तों और अन्य कचरे को एक स्थान पर जमा करें और कचरा गाड़ी को सौंपने के बाद ही वहां से जाएं। सड़क पर गंदगी छोड़कर जाने से बचें।

इसके बाद निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने वीरांगना झलकारी बाई पार्क और यहां बनाए जा रहे कलामंच के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में पौधारोपण, घास की नियमित कटाई और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण के अंतिम चरण से जुड़े कामों को जल्द पूरा करने और परिसर में रखी अनावश्यक निर्माण सामग्री व अनुपयोगी सामान हटाने को कहा।

उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा और उसके फाउंडेशन की सफाई कराने के निर्देश भी दिए। पार्क में लगे झूलों और अन्य उपकरणों का रंगरोगन कर उन्हें व्यवस्थित और आकर्षक बनाने को कहा, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाओं के साथ स्वच्छ वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पार्क में बैठने की व्यवस्था और तैयार किए जा रहे ओपन एयर थिएटर का भी जायजा लिया। उन्होंने इसकी घिसाई और फिनिशिंग से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उनका कहना था कि यह खुला मंच स्थानीय कलाकारों के लिए उपयोगी साबित होगा। मुख्य सड़क से लगे होने के कारण कलाकार आसानी से यहां पहुंचकर अभ्यास कर सकेंगे और अपनी प्रस्तुतियों के जरिए प्रतिभा को सामने लाने का अवसर पा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्क का विकास केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ लेने और खाली समय बिताने के लिए भी एक अच्छा स्थान उपलब्ध कराएगा।

इसके अलावा पार्क के सामने कनेरादेव कैनाल की ओर विकसित किए जा रहे दर्शनीय स्थल का भी निरीक्षण किया गया। यहां लाल पत्थर से बड़ी छतरियों का निर्माण कराया जा रहा है। निगमायुक्त ने इस स्थान को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए रेलिंग लगाने सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।