सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, दो महिलाओं की मौत, चालक समेत दो घायल
| ब्यूरो गजेंद्र ठाकुर- सागर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में गढ़पहरा रोड स्थित भैंसा नाका के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार बोलेरो क्रमांक एमपी 15 सीए 1093 कृषि उपज मंडी की ओर से भैंसा नाका की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक एमपी 15 एचए 1077 से बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक मृतका की पहचान नेहा बंसल निवासी शिवनगर के रूप में सामने आई है, जबकि दूसरी महिला की पहचान और मृतकों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
घायलों में कमल पिता हल्ले साहू (28 वर्ष), निवासी रविशंकर वार्ड, मोतीनगर तथा पप्पू उर्फ नीग्रो पिता गुड्डू ठाकुर, निवासी भूतेश्वर वार्ड, मोतीनगर शामिल हैं। दोनों का बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और ट्रक से हुई टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है।

